Wednesday, 2 October 2024

2024 शारदीय नवरात्रि | आश्विन नवरात्रि


2024 शारदीय नवरात्रि | आश्विन नवरात्रि

नवरात्रि, देवी दुर्गा को समर्पित नौ दिवसीय त्यौहार है। नवरात्रि एक संस्कृत शब्द है, जिसका शाब्दिक अर्थ है, नौ रातें। इन नौ रात्रियों एवं दस दिनों की अवधि में देवी दुर्गा के 9 भिन्न-भिन्न रूपों की पूजा-अर्चना की जाती है, जिन्हें नवदुर्गा के नाम से जाना जाता है। इस उत्सव के दसवें दिन को विजयादशमी के रूप में मनाया जाता है तथा इस दिन देवी दुर्गा की मूर्तियों को पवित्र जल स्रोतों में विसर्जित किया जाता है।

नवरात्रि भारत के अधिकांश राज्यों में हर्षोल्लास से मनायी जाती है। हालाँकि, नवरात्रि पश्चिमी राज्यों गुजरात, महाराष्ट्र और दक्षिणी राज्य कर्णाटक में अत्यन्त लोकप्रिय त्यौहार है। नवरात्रि के प्रथम दिवस पर, मन्त्रजाप सहित पूर्ण वैदिक अनुष्ठानों का पालन करते हुये कलश में देवी दुर्गा का आह्वान किया जाता है। देवी दुर्गा का आह्वान एवं कलश में वास करने की क्रिया को घटस्थापना अथवा कलशस्थापना के रूप में जाना जाता है। घटस्थापना अनुष्ठान दिन में उपयुक्त समय पर किया जाता है।

पश्चिम बंगाल में नवरात्रि को दुर्गा पूजा के रूप में मनाया जाता है। पश्चिम बंगाल में, नवरात्रि के अन्तिम तीन दिनों में देवी दुर्गा की पूजा की जाती है और इन तीन दिनों को दुर्गा सप्तमी, दुर्गा अष्टमी तथा दुर्गा नवमी के नाम से जाना जाता है। यह कहना सही होगा कि पश्चिम बंगाल में की जाने वाली दुर्गा पूजा नौ दिवसीय नवरात्रि का एक लघु संस्करण है। दुर्गा पूजा के समय नवरात्रि के छठवें दिन कल्पारम्भ एवं बिल्व निमन्त्रण अनुष्ठान किया जाता है, जो प्रतीकात्मक रूप से अन्य राज्यों में की जाने वाली घटस्थापना या कलशस्थापना के ही समान है।

हिन्दु धर्म ग्रन्थों में नौ दिवसीय नवरात्रि के विकल्प के रूप में 7 दिवसीय नवरात्रि, 5 दिवसीय नवरात्रि, 3 दिवसीय नवरात्रि, 2 दिवसीय नवरात्रि और यहाँ तक कि 1 दिवसीय नवरात्रि का भी वर्णन प्राप्त होता है।

ज्योति कलश, कुमारी पूजा, सन्धि पूजा, नवमी होम, ललिता व्रत एवं चण्डी पाठ इत्यादि अन्य वे प्रसिद्ध अनुष्ठान एवं कार्यक्रम हैं, जो 9 दिवसीय नवरात्रि उत्सव के दौरान किये जाते हैं।

Labels:

0 Comments:

Post a Comment

Subscribe to Post Comments [Atom]

<< Home